महिला प्रीमियर लीग के एलिमिनेटर मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने यूपी वॉरियर्स को 72 रन से हरा दिया। इस जीत के साथ ही उसने फाइनल में जगह बना ली। 26 मार्च को खिताबी मुकाबले में अब उसका सामना मुंबई के ब्रेबोर्न स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स से होगा। यूपी वॉरियर्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। मुंबई ने 20 ओवर में चार विकेट पर 182 रन बनाए। यूपी की टीम जवाब में 17.4 ओवर में 110 रन पर सिमट गई।मुंबई इंडियंस ने एलिमिनेटर मुकाबले में यूपी वॉरियर्स के खिलाफ बड़ी जीत हासिल की। उसने 72 रन से मुकाबले को अपने नाम कर फाइनल में जगह बनाई। वहां उसका मुकाबला अंक तालिका में शीर्ष पर रहने वाली दिल्ली कैपिटल्स से होगा। यह मुकाबला 26 मार्च को मुंबई के ब्रेबोर्न स्टेडियम में खेला जाएगा। फाइनल में अंक तालिका में शीर्ष दो में रहने वाली टीमें ही आमने-सामने होंगी। मुंबई दूसरे स्थान पर रही थी। यूपी ने तीसरा स्थान हासिल कर एलिमिनेटर में तो जगह बनाई थी, लेकिन वह आगे नहीं बढ़ पाई।
मुंबई ने नताली सीवर ब्रंट के नाबाद 72 रन और इस्सी वोंग की हैट्रिक से शानदार जीत हासिल की। इस्सी वोंग ने चार ओवर में 15 रन देकर चार विकेट अपने नाम किए। वह महिला प्रीमियर लीग में हैट्रिक लेने वाली पहली खिलाड़ी बन गईं। उन्होंने किरण नवगिरे, सिमरन शेख और सोफी एक्लेस्टोन को आउट कर हैट्रिक पूरी की।
यूपी के लिए किरण नवगिरे ने अकेले लड़ाई की। वह 27 गेंद पर 43 रन बनाकर आउट हुईं। उन्हें दूसरे छोर से किसी का साथ नहीं मिला। दीप्ति शर्मा 16, ग्रेस हैरिस 14 और एलिसा हीली 11 रन बनाकर आउट हुईं। यूपी की 11 में से सिर्फ चार बल्लेबाज ही दहाई का आंकड़ा छू सकीं। मुंबई के लिए इस्सी वोंग के अलावा सायका इशाक ने दो विकेट लिए। नताली सीवर, हीली मैथ्यूज और जे कलिता को एक-एक सफलता मिली।