ब्रिटेन के महाराजा चार्ल्स तृतीय ने 75वें गणतंत्र दिवस पर शुक्रवार को भारत के लोगों को शुभकामनाएं दीं और कहा कि विश्व की सर्वाधिक गंभीर चुनौतियों से निपटने के लिए ब्रिटेन एवं भारत के साथ काम करने को लेकर वह आशान्वित हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को लिखे एक संदेश में ब्रिटेन के महाराजा ने कहा, ‘‘मुझे विश्वास है कि राष्ट्रमंडल की इस विशेष 75वीं वर्षगांठ वर्ष में हमारे संबंध फलते-फूलते रहेंगे – जो हमें एकजुट करने वाले स्थायी मूल्यों और आकांक्षाओं की एक उपयुक्त स्मृति है।’’महाराजा चार्ल्स तृतीय की उम्र भारतीय गणराज्य के समान ही है। 26 जनवरी 1950 को भारत का संविधान, भारत सरकार अधिनियम 1935 के स्थान पर लागू हुआ था जो औपनिवेशिक काल से ब्रिटिश राज की विरासत थी। पिछले साल जी20 की सफल अध्यक्षता के लिए भारत को बधाई देते हुए, चार्ल्स तृतीय ने कहा, ‘‘मैं आशान्वित हूं कि हमारे देश, दुनिया की सबसे गंभीर वैश्विक चुनौतियों से निपटने के लिए मिलकर काम करना जारी रखेंगे।’’भारत में ब्रिटिश उच्चायोग द्वारा‘एक्स’ पर अपने आधिकारिक हैंडल से पोस्ट किए गए संदेश में उन्होंने यह भी कहा कि वह वर्ष के अंत में समोआ में सभी राष्ट्रमंडल सदस्यों के एक साथ आने की उम्मीद करते हैं। राष्ट्रपति मुर्मू को उनका संदेश उसी दिन आया, जब उन्हें बढ़े हुए प्रोस्टेट के इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
Related posts
-
30 अप्रैल तक पाकिस्तान छोड़ दें भारतीय नागरिक, शहबाज सरकार ने दिया अल्टीमेटम
पाकिस्तान की राष्ट्रीय सुरक्षा समिति (एनएससी) की बैठक के बाद, इस्लामाबाद ने पाकिस्तान में सभी भारतीय... -
Pahalgam के दहशतदर्गों का होगा अब इजरायली इलाज, नेतन्याहू ने पीएम मोदी को फोन करके क्या कहा?
इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को फोन किया और जम्मू-कश्मीर... -
रूस ने पूरे यूक्रेन पर कब्जा नहीं कर ‘काफी बड़ी रियायत’ दी है : ट्रंप
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का कहना है कि रूस ने यूक्रेन में युद्ध को समाप्त...